आईआईआईटी रांची में छात्र की मौत के दूसरे दिन भी आंदोलन जारी, निदेशक के इस्तीफे पर अड़े विद्यार्थी

Oct 12, 2026 - 17:08
 0
आईआईआईटी रांची में छात्र की मौत के दूसरे दिन भी आंदोलन जारी, निदेशक के इस्तीफे पर अड़े विद्यार्थी

रांची: झारखंड की राजधानी रांची के खेलगांव स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) में बीटेक के प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य की संदिग्ध स्थितियों में मौत के बाद विद्यार्थियों का आंदोलन सोमवार को भी जारी रहा। छात्र-छात्राएं रातभर धरने पर बैठे रहे और सोमवार को फिर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। वे संस्थान के निदेशक राजीव श्रीवास्तव के इस्तीफे, छात्रावास की व्यवस्था में सुधार और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं।  

उन्होंने प्रशासनिक भवन और आसपास के मार्गों को पूरी तरह से ठप कर दिया है। छात्रों ने संस्थान प्रबंधन पर गंभीर प्रशासनिक लापरवाही और संवेदनहीनता के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आपातकाल के दौरान एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर तक मौजूद नहीं था, जिसके कारण आदित्य ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

इतना ही नहीं, बिजली गुल होने पर बैकअप न होने से लिफ्ट बंद पड़ी थी, और हॉस्टल के थर्ड-पार्टी केयरटेकर ने छात्र को छूने तक से इनकार कर दिया। आपात स्थिति के दौरान मौके पर कोई योग्य डॉक्टर उपलब्ध नहीं था और स्थिति इतनी बदतर थी कि दूसरे वर्ष के छात्रों को खुद एंबुलेंस चलाकर सहपाठी को अस्पताल ले जाना पड़ा।

प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों ने निदेशक के इस्तीफे की मांग के पक्ष में कई गंभीर बिंदु उठाए हैं। छात्रों के अनुसार, इतनी बड़ी त्रासदी के बावजूद निदेशक घटना के 14 घंटे बाद मौके पर पहुंचे। छात्रों ने कहा कि संकाय सदस्यों (फैकल्टी) द्वारा आवाज उठाने वाले छात्रों को अनुशासनात्मक कार्रवाई की धमकियां दी जा रही हैं।

छात्रों ने पाठ्यक्रम में अत्यधिक अकादमिक दबाव, मानसिक स्वास्थ्य परामर्शदाता (काउंसलर) का न होना, प्राथमिक चिकित्सा और बुनियादी दवाओं का अभाव, तथा कैंटीन व सुरक्षा में भारी कुप्रबंधन को लेकर भी कड़ा रोष जताया है। सोमवार को आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए संस्थान के चेयरमैन खुद धरनास्थल पर पहुंचे और विद्यार्थियों से वार्ता की। उन्होंने छात्रों को फैकल्टी के साथ बैठकर समाधान निकालने का प्रस्ताव दिया, जिसे विद्यार्थियों ने सिरे से खारिज कर दिया।

छात्र सीधे निदेशक के सामने अपनी मांगें रखने और उनके इस्तीफे पर अड़े हुए हैं। चेयरमैन ने अब छात्रों की जिद को देखते हुए निदेशक को बातचीत के लिए बुलाने का आश्वासन दिया है।

इधर, पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर तैनात है और मामले की जांच जारी रखे हुए है। मृतक छात्र आदित्य बिहार के नवगछिया (भागलपुर) का रहने वाला था। विद्यार्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि सोमवार को निदेशक का इस्तीफा और उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो वे खेलगांव चौक को पूरी तरह से जाम कर पूरे शहर का यातायात बाधित करेंगे। फिलहाल परिसर में भारी तनाव बना हुआ है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
SHASHI BHUSHAN KUMAR शशि भूषण कुमार एक डिजिटल पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं । वर्ष 2012 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय है । प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में लंबे अनुभव के बाद वर्तमान में ‘मॉर्निंग इंडिया’ में डिजिटल हेड के रूप में कार्यरत है।