जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार प्रदर्शन, करियर की बेस्ट आईसीसी रैंकिंग पर पहुंचीं हेली मैथ्यूज

Oct 6, 2026 - 16:36
 0
जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार प्रदर्शन, करियर की बेस्ट आईसीसी रैंकिंग पर पहुंचीं हेली मैथ्यूज

 नई दिल्ली: जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद वेस्टइंडीज की कप्तान हेली मैथ्यूज ने करियर की बेस्ट रैंकिंग हासिल की है। 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुनी गईं मैथ्यूज ने विमेंस चैंपियनशिप के तीन मुकाबलों में कुल 326 रन बनाए। मैथ्यूज के प्रदर्शन ने उन्हें वनडे बैटिंग और ऑलराउंडर रैंकिंग, दोनों में करियर की बेस्ट रेटिंग तक पहुंचने में मदद की है। 28 वर्षीय मैथ्यूज 731 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ वनडे बैटिंग रैंकिंग में चौथे स्थान पर पहुंच गई हैं, जो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारत की स्मृति मंधाना 790 प्वाइंट्स के साथ सूची में सबसे आगे हैं, उनके बाद साउथ अफ्रीकी कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट (782) और ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी (744) हैं। मैथ्यूज वनडे ऑलराउंडर रैंकिंग में भी 467 प्वाइंट्स की नई करियर-बेस्ट रेटिंग तक पहुंच गई हैं। वह ऑस्ट्रेलिया की ऐश गार्डनर से पीछे दूसरे स्थान पर हैं, जो 497 प्वाइंट्स के साथ सूची में शीर्ष पर हैं। मैथ्यूज शीर्ष रैंकिंग वाली खिलाड़ी से सिर्फ 30 प्वाइंट्स पीछे हैं। वेस्टइंडीज की कप्तान पूरी वनडे सीरीज के दौरान शानदार फॉर्म में थीं। उनका सबसे बड़ा योगदान हरारे में खेले गए पहले मैच में रहा, जहां उन्होंने करियर का सर्वश्रेष्ठ 182 रन का स्कोर बनाया। वेस्टइंडीज की ​​शेमाइन कैंपबेल वनडे बैटिंग रैंकिंग में 15 पायदान ऊपर चढ़कर 74वें स्थान पर पहुंच गईं, जबकि एफी फ्लेचर वनडे गेंदबाजों की सूची में दो स्थान ऊपर चढ़कर 17वें स्थान पर आ गईं। आलिया एलीन वनडे बॉलिंग रैंकिंग में आठ स्थान ऊपर चढ़कर 49वें स्थान पर पहुंच गईं, जबकि अश्विनी मुनिसार 11 स्थान ऊपर चढ़कर 70वें स्थान पर आ गईं। जिम्बाब्वे के वनडे सीरीज 2-1 से हारने के बावजूद, बल्ले से जोसेफिन न्कोमो के लगातार अच्छे प्रदर्शन ने उन्हें रैंकिंग में उल्लेखनीय बढ़त दिलाई। दाएं हाथ की इस खिलाड़ी ने तीन मैचों में कुल 114 रन बनाए और वनडे बैटिंग रैंकिंग में 12 स्थान ऊपर चढ़कर 49वें नंबर पर पहुंच गईं। वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के बीच अभी तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज जारी है, जिसमें हेली मैथ्यूज की कप्तानी वाली टीम 2-0 से आगे है। करिश्मा रामहरक टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में चार स्थान ऊपर चढ़कर 34वें नंबर पर पहुंच गई हैं, जबकि चिनेल हेनरी टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में एक स्थान ऊपर चढ़कर 24वें नंबर पर आ गई हैं। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
SHASHI BHUSHAN KUMAR शशि भूषण कुमार एक डिजिटल पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं । वर्ष 2012 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय है । प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में लंबे अनुभव के बाद वर्तमान में ‘मॉर्निंग इंडिया’ में डिजिटल हेड के रूप में कार्यरत है।