IIIT रांची के छात्र को 1.25 करोड़ का पैकेज, Rubrik में TPM पद पर हुआ चयन
रांची: भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) रांची के प्लेसमेंट सत्र में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। संस्थान के छात्र सक्षम को वैश्विक टेक कंपनी Rubrik में टेक्निकल प्रोग्राम मैनेजर (TPM) के पद पर चयनित किया गया है। उन्हें 1.25 करोड़ रुपये का वार्षिक पैकेज मिला है।संस्थान के अनुसार, यह IIIT रांची के इतिहास में किसी छात्र को मिला अब तक का सबसे बड़ा प्लेसमेंट पैकेज है। इस उपलब्धि ने संस्थान के प्लेसमेंट रिकॉर्ड में नया अध्याय जोड़ दिया है।
डेटा साइंस और AI की पढ़ाई कर रहे हैं सक्षम
सक्षम IIIT रांची में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (डेटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के छात्र हैं। पढ़ाई के दौरान उन्होंने तकनीकी ज्ञान के साथ समस्या समाधान और प्रोफेशनल स्किल्स पर भी लगातार काम किया।संस्थान का कहना है कि छात्रों को बेहतर करियर अवसर उपलब्ध कराने के लिए अकादमिक शिक्षा के साथ इंडस्ट्री एक्सपोजर, तकनीकी प्रशिक्षण और करियर गाइडेंस पर भी ध्यान दिया जाता है।
प्लेसमेंट सेल और मेंटर्स का मिला सहयोग
सक्षम की सफलता में IIIT रांची के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल, फैकल्टी और मेंटर्स की भूमिका भी रही। संस्थान की ओर से छात्रों को तकनीकी इंटरव्यू, चयन प्रक्रिया और अन्य चरणों की तैयारी में लगातार मार्गदर्शन दिया जाता है।इसी का परिणाम है कि संस्थान के छात्रों को देश और विदेश की प्रतिष्ठित टेक कंपनियों में करियर के अवसर मिल रहे हैं।
परिवार और शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय
अपनी उपलब्धि पर सक्षम ने परिवार, दोस्तों, शिक्षकों और संस्थान के मार्गदर्शकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस सफर में उन्हें लगातार सहयोग और प्रोत्साहन मिला, जिसने उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।वहीं, IIIT रांची के निदेशक प्रो. राजीव श्रीवास्तव ने सक्षम को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्र की मेहनत, प्रतिबद्धता और लगन को दर्शाती है और संस्थान में उत्कृष्टता की संस्कृति को भी मजबूत करती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
