दिल्ली के मऊजपुर प्ले स्कूल में मासूम से मारपीट का आरोप, अटेंडेंट गिरफ्तार
दिल्ली के मौजपुर इलाके के एक प्ले स्कूल में 3 साल के बच्चे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। माता-पिता का आरोप है कि कई दिनों तक बच्चे के साथ बुरा बर्ताव किया गया। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने 35 साल की महिला अटेंडेंट को गिरफ्तार किया है। स्कूल की टीचर, प्रिंसिपल और डायरेक्टर से भी पूछताछ हो रही है।
बच्चे के व्यवहार में बदलाव से हुआ शक
माता-पिता के मुताबिक, अगस्त की शुरुआत से ही बच्चा स्कूल जाने से डरने लगा था। वह रात में रोता था और दिनभर बेचैन रहता था। शरीर पर चोट के निशान दिखने पर परिवार डॉक्टर के पास गया। जांच में कानों के पास सूजन और शरीर पर चोट की बात सामने आई। इसके बाद परिवार को लगा कि स्कूल में कुछ गलत हो रहा है।
सीसीटीवी फुटेज से खुला मामला
परिवार ने स्कूल से सीसीटीवी फुटेज मांगी। आरोप है कि पहले स्कूल ने तकनीकी खराबी का बहाना बनाया। बाद में 1500 रुपये देने के बाद फुटेज दिखाई गई। फुटेज में अटेंडेंट बच्चे के साथ मारपीट करती और उसे कुर्सी से बांधती नजर आ रही है। यह वीडियो देखकर परिवार ने तुरंत पुलिस में शिकायत की।
पुलिस ने अटेंडेंट को किया गिरफ्तार
शिकायत के बाद पुलिस स्कूल पहुंची और DVR जब्त किया। मामले में FIR दर्ज कर एक महिला अटेंडेंट को गिरफ्तार किया गया है। क्लास टीचर से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि स्कूल मैनेजमेंट को इस बारे में पहले से पता था या नहीं और उन्होंने कार्रवाई क्यों नहीं की।
स्कूलों में सुरक्षा पर फिर सवाल
इस घटना ने प्ले स्कूलों में छोटे बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा कर दिया है। माता-पिता का कहना है कि स्कूलों में स्टाफ की निगरानी और बच्चों की देखभाल को लेकर सख्त नियम होने चाहिए। पुलिस ने कहा है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
