मेडिकल छात्रों के लिए बड़ी खबर, झारखंड में बढ़ेंगी MBBS-PG की सीटें

Sep 24, 2026 - 19:28
 0
मेडिकल छात्रों के लिए बड़ी खबर, झारखंड में बढ़ेंगी MBBS-PG की सीटें

रांची। झारखंड में मेडिकल शिक्षा के विस्तार की तैयारी तेज कर दी गई है। राज्य के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस और पीजी की सीटें बढ़ाने के साथ-साथ नए मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई शुरू करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने तीन साल की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया है।स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों को सीट बढ़ोतरी के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं और मानव संसाधन की जरूरतों का आकलन कर योजना तैयार करने को कहा है। यह कार्ययोजना एक सप्ताह के भीतर विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

सीट बढ़ेंगी तो डॉक्टर और स्टाफ भी बढ़ेंगे

मेडिकल कॉलेजों में सीटों की संख्या बढ़ाने के साथ फैकल्टी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मियों की जरूरत भी बढ़ेगी। इसी को देखते हुए इन पदों के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है। विभाग ने कॉलेजों को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक पदों का आकलन करने को कहा है।

अपर मुख्य सचिव ने समीक्षा बैठक में कहा कि जहां नियमित शैक्षणिक चिकित्सकों की कमी है, वहां जरूरत के अनुसार संविदा नियुक्ति का विकल्प अपनाया जा सकता है। इसके अलावा सेवानिवृत्त विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं लेने और दूसरे राज्यों से योग्य चिकित्सकों को झारखंड लाने की संभावनाएं भी तलाशने को कहा गया है।

देशभर में निकलेगा भर्ती का प्रचार

मेडिकल कॉलेजों में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर योग्य उम्मीदवारों को आकर्षित करने के लिए भर्ती विज्ञापनों का व्यापक प्रचार करने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत के अनुसार नियमित रूप से वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित करने की बात भी कही गई है।

धनबाद मेडिकल कॉलेज ने तैयार की 2030 तक की योजना

समीक्षा के दौरान शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज, धनबाद की ओर से 2030 तक की प्रस्तावित योजना की जानकारी दी गई। इसमें 250 एमबीबीएस और 200 पीजी सीटें बढ़ाने का लक्ष्य शामिल है।

अपर मुख्य सचिव ने इस योजना के आधार पर मेडिकल कॉलेज के शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक पदों का पुनर्गठन करने का निर्देश दिया। राज्य के पांचों मेडिकल कॉलेजों में सीट बढ़ाने से जुड़ी योजनाओं को पहले ही मंजूरी मिलने की जानकारी भी बैठक में दी गई।

बोकारो और चाईबासा में अगले साल से पढ़ाई की उम्मीद

बैठक में बोकारो और चाईबासा में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेजों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि दोनों संस्थानों के भवनों का निर्माण अगले वर्ष तक पूरा होने की संभावना है।

अगर समय पर जरूरी फैकल्टी, संसाधन और अन्य व्यवस्थाएं उपलब्ध हो जाती हैं और मेडिकल शिक्षा के निर्धारित मानक पूरे किए जाते हैं, तो बोकारो और चाईबासा मेडिकल कॉलेजों में अगले वर्ष से पढ़ाई शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0