चेन्नई के दूसरे एयरपोर्ट का प्लान रद्द, सीएम विजय ने परंदूर परियोजना से पीछे हटने का किया ऐलान

तमिलनाडु सरकार ने चेन्नई के दूसरे एयरपोर्ट के लिए प्रस्तावित परंदूर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजना को रद्द कर दिया है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार, 24 अगस्त को विधानसभा में इसका ऐलान किया।

Aug 24, 2026 - 22:28
 0
चेन्नई के दूसरे एयरपोर्ट का प्लान रद्द, सीएम विजय ने परंदूर परियोजना से पीछे हटने का किया ऐलान

उन्होंने कहा कि परंदूर में एयरपोर्ट बनने से कृषि भूमि, रिहायशी इलाकों और स्थानीय लोगों की आजीविका पर गंभीर असर पड़ता। इसलिए सरकार इस परियोजना से पीछे हट रही है। अब दूसरे एयरपोर्ट के लिए किसी और जगह की तलाश की जाएगी।

किसानों के विरोध के बाद लिया फैसला
परंदूर में एयरपोर्ट बनाने की योजना का किसान और ग्रामीण लंबे समय से विरोध कर रहे थे। उनकी सबसे बड़ी चिंता जमीन अधिग्रहण, खेती की जमीन खत्म होने और जलस्रोतों पर पड़ने वाले असर को लेकर थी।

विधानसभा में सीएम विजय ने कहा, "विकास जरूरी है, लेकिन ऐसा विकास नहीं जो किसानों और आम लोगों की कीमत पर हो।" उन्होंने बताया कि सरकार ने परंदूर एयरपोर्ट के लिए अब तक जो भी कदम उठाए थे, उन्हें वापस लिया जा रहा है।

चेन्नई को दूसरे एयरपोर्ट की जरूरत बरकरार
मुख्यमंत्री ने साफ किया कि परंदूर प्रोजेक्ट रद्द होने का मतलब यह नहीं है कि चेन्नई को दूसरे एयरपोर्ट की जरूरत नहीं है।

चेन्नई में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है और राज्य के औद्योगिक विकास व कार्गो ट्रैफिक को देखते हुए नई विमानन सुविधा जरूरी है। मौजूदा चेन्नई एयरपोर्ट की सालाना क्षमता करीब 3 करोड़ यात्रियों की है, जो आने वाले सालों में कम पड़ जाएगी।

सरकार अब ऐसी जगह की तलाश करेगी जहां कृषि भूमि और आबादी को कम से कम नुकसान हो। नई जगह का तकनीकी और पर्यावरणीय अध्ययन करने के बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा।

मौजूदा एयरपोर्ट का होगा विस्ता
दूसरी जगह तलाशने के साथ-साथ सरकार मौजूदा चेन्नई एयरपोर्ट की क्षमता बढ़ाने पर भी काम करेगी। इसके लिए नए टर्मिनल और अन्य सुविधाओं के विस्तार की योजना बनाई गई है ताकि बढ़ते ट्रैफिक को संभाला जा सके।

फैसले पर सियासत तेज
इस ऐलान के बाद राजनीति भी तेज हो गई है। विपक्षी डीएमके ने सरकार के फैसले पर सवाल उठाया। पूर्व मंत्री थंगम थेन्नारसु ने कहा कि दूसरा एयरपोर्ट श्रीपेरंबदूर जैसे बड़े औद्योगिक हब के लिए बहुत जरूरी था और इसे रद्द करना राज्य के विकास के लिए नुकसानदायक है। विरोध में डीएमके विधायकों ने सदन से वॉकआउट भी किया।

फिलहाल नए एयरपोर्ट के लिए कौन सी जगह चुनी जाएगी, यह तय नहीं है। सरकार का कहना है कि नया स्थान ऐसा होगा जहां विकास के साथ-साथ किसानों और पर्यावरण के हितों का भी ध्यान रखा जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0