मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से रांची जिला दुर्गा पूजा समिति एवं रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने की शिष्टाचार मुलाकात

Oct 6, 2026 - 19:23
 0
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से रांची जिला दुर्गा पूजा समिति एवं रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने की शिष्टाचार मुलाकात

रांची: दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर रांची की विभिन्न पूजा समितियों और शांति समितियों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को चुनरी, मां दुर्गा की प्रतिमा और पुष्पगुच्छ भेंट किया। साथ ही उन्हें परिवार के साथ राजधानी के पूजा पंडालों में आने और माता के दर्शन करने का निमंत्रण दिया।प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस बार दुर्गा पूजा की तैयारियों में जिला प्रशासन की ओर से समितियों को सहयोग मिल रहा है। समितियों के मुताबिक, प्रशासनिक अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कर पूजा से जुड़ी समस्याओं और व्यवस्थाओं पर चर्चा की जा रही है, जिससे आयोजन से पहले ही कई मुद्दों का समाधान किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया पूजा पंडालों का न्योता

पूजा समितियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को रांची के अलग-अलग इलाकों में बनाए जा रहे पूजा पंडालों का भ्रमण करने और महाआरती में शामिल होने का आग्रह किया। समितियों ने बताया कि राजधानी में इस वर्ष भी आकर्षक पंडाल तैयार किए जा रहे हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने समितियों के निमंत्रण को स्वीकार करते हुए दुर्गा पूजा में शामिल होने की बात कही। उन्होंने कहा कि वे पूजा पंडालों में जाकर मां दुर्गा के दर्शन और आशीर्वाद लेने का प्रयास करेंगे।

CM की अपील- पर्यावरण को ध्यान में रखकर हो मूर्ति विसर्जन

मुख्यमंत्री ने पूजा समितियों से मूर्ति विसर्जन के दौरान पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि धार्मिक परंपराओं को निभाते हुए ऐसी व्यवस्था विकसित करने की जरूरत है, जिससे तालाबों और अन्य जलस्रोतों पर विसर्जन का प्रतिकूल प्रभाव कम हो।उन्होंने समितियों और प्रशासन के बीच समन्वय से वैकल्पिक विसर्जन व्यवस्था तैयार करने का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, आस्था के साथ पर्यावरण की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी सभी को मिलकर निभानी चाहिए।

पंडालों में नशा मुक्ति का संदेश देने की अपील

मुख्यमंत्री ने पूजा समितियों से दुर्गा पूजा के दौरान पंडालों में नशा मुक्ति से संबंधित जागरूकता संदेश प्रदर्शित करने को कहा। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामाजिक और धार्मिक संगठनों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता केवल सरकारी अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि परिवार और समाज को भी इसमें सक्रिय भूमिका निभानी होगी।पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि पंडालों में नशा मुक्ति को लेकर बैनर और होर्डिंग लगाए जाएंगे। इसके अलावा उद्घोषणा के जरिए भी लोगों, खासकर युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देने की बात कही गई।

सुरक्षा, बिजली, पानी और ट्रैफिक पर CM का फोकस

मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।उन्होंने बिजली, पानी, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की बात भी कही गई।मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का पर्व भी है। उन्होंने पूजा समितियों को आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं और शांतिपूर्ण तरीके से उत्सव मनाने की अपील की।

जिला प्रशासन ने तैयारियों का जानकारी दिया 

मुलाकात के दौरान रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को दुर्गा पूजा को लेकर जिला स्तर पर की जा रही तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी।प्रतिनिधिमंडल में रांची जिला दुर्गा पूजा समिति और रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के अलावा विभिन्न शांति समितियों के पदाधिकारी और सदस्य शामिल रहे। प्रतिनिधियों ने प्रशासन के सहयोग के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया और राज्य की खुशहाली की कामना की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
SHASHI BHUSHAN KUMAR शशि भूषण कुमार एक डिजिटल पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं । वर्ष 2012 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय है । प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में लंबे अनुभव के बाद वर्तमान में ‘मॉर्निंग इंडिया’ में डिजिटल हेड के रूप में कार्यरत है।